SONIA GANDHI BOOK : Sonia’s book mentions Maneka…
नई दिल्ली। सोनिया गांधी की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के लॉन्च होते ही गांधी परिवार के पुराने रिश्तों और विवादों की चर्चा तेज हो गई है। 544 पन्नों की इस किताब में सोनिया ने अपनी देवरानी मेनका गांधी के साथ रिश्तों और उनके घर छोड़ने से जुड़े घटनाक्रम का जिक्र किया है।
सोनिया के मुताबिक, शुरुआत में मेनका हंसमुख और बातूनी स्वभाव की थीं। प्रियंका भी अपनी चाची के करीब थीं और उनसे कहानियां सुनती थीं। लेकिन धीरे-धीरे घर का माहौल बदलने लगा और छोटी-छोटी बातों पर तनाव होने लगा।
किताब में सोनिया ने लिखा है कि संजय गांधी की मौत के बाद इंदिरा गांधी को मेनका की राजनीतिक गतिविधियों पर आपत्ति थी। सोनिया के अनुसार, इंदिरा ने मेनका के सामने दो विकल्प रखे थे, राजनीतिक गतिविधियां बंद करें या घर छोड़ दें। इसके बाद मेनका ने गांधी परिवार का घर छोड़ दिया।
हालांकि, मेनका गांधी का पक्ष इससे अलग रहा है। साल 2003 के एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया था कि संजय गांधी की मौत के बाद राजनीतिक विरासत को लेकर परिवार में तनाव बढ़ा था। उनके मुताबिक, राजीव और सोनिया के परिवार की मांग पर इंदिरा गांधी को उन्हें घर से जाने के लिए कहना पड़ा। मेनका ने आर्थिक मदद नहीं मिलने की बात भी कही थी।
अब सोनिया की किताब और मेनका के पुराने बयान सामने आने के बाद गांधी परिवार के दशकों पुराने विवाद एक बार फिर चर्चा में हैं।


