SHOEB DHEBAR CASE : Now the inspector is in trouble in the Shoeb Dhebar case!
रायपुर। फरार शोएब ढेबर की गिरफ्तारी से जुड़ी गोपनीय रणनीति लीक होने के मामले में पुलिस विभाग ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने निरीक्षक विनीत दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 16 नवंबर को जारी आदेश में तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़े संदिग्ध आचरण को कार्रवाई का आधार बताया गया है।
रायपुर पुलिस कमिश्नर ने 30 अक्टूबर को इस संबंध में प्रतिवेदन भेजा था। प्रारंभिक जांच में निरीक्षक का आचरण विभागीय मर्यादा के विपरीत पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर रहेगा।
गिरफ्तारी से पहले कैसे फरार हुआ शोएब?
पूरा मामला कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने से जुड़ा है। पुलिस ने शोएब ढेबर को पकड़ने के लिए करीब आधा दर्जन ठिकानों पर एक साथ दबिश की योजना बनाई थी। लेकिन 3 अक्टूबर को खम्हारडीह में पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया। इसके बाद गोपनीय सूचना लीक होने का संदेह गहराया।
पहले दो आरक्षक भी हो चुके हैं सस्पेंड
इस मामले में पहले एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया जा चुका है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे।
हालांकि, निरीक्षक विनीत दुबे की मौजूदा भूमिका और सूचना लीक होने में उनकी कथित संलिप्तता की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।


