REVANTH REDDY IN CG : Meeting of two states on barrage, on what will consensus be reached now?
रायपुर। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी मंगलवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे पहुंचे रेड्डी मुख्यमंत्री निवास में विष्णुदेव साय से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में गोदावरी नदी पर बन रहे समक्का सागर बैराज के निर्माण, संचालन और अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) को लेकर अहम चर्चा होने की संभावना है।
NOC पर रहेगी खास नजर
बैराज को पूरी क्षमता से संचालित करने के लिए छत्तीसगढ़ से NOC जरूरी है। दोनों राज्यों के बीच इस पर सहमति बनाने की कोशिश होगी। इस फैसले का असर छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों पर भी पड़ सकता है।
इससे पहले सितंबर में नई दिल्ली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और तेलंगाना के सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी के बीच इस परियोजना को लेकर चर्चा हुई थी। तब तेलंगाना सरकार ने बैराज के पूर्ण जलस्तर से प्रभावित होने वाली जमीनों और मकानों का पूरा मुआवजा देने का भरोसा दिया था।
मुआवजे और सर्वे पर भी चर्चा
तेलंगाना सरकार बैकवाटर प्रभाव के अध्ययन के लिए छत्तीसगढ़ जल संसाधन विभाग को 9.88 करोड़ रुपये दे चुकी है। प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे अंतिम चरण में बताया गया है। तेलंगाना सरकार ने नियमानुसार अग्रिम मुआवजा राशि जमा कराने की प्रतिबद्धता भी जताई है।
मुलुगु जिले के कन्नाईगुडेम मंडल में गोदावरी नदी पर बना यह बैराज 1,143 मीटर लंबा है। इसमें 59 रेडियल गेट हैं और इसकी भंडारण क्षमता 6.94 टीएमसी है। अब दोनों मुख्यमंत्रियों की बैठक में NOC और मुआवजे को लेकर क्या सहमति बनती है, इस पर नजर रहेगी।


