RAIPUR SCORPIO HUNGAMA : High-speed Scorpio creates havoc in Baijnath Para, Youth Congress leader detained
रायपुर। राजधानी रायपुर के बैजनाथ पारा इलाके में सोमवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जमकर कहर मचाया। काली रंग की स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मार दी, गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव राहुल ठाकुर अपने साथियों के साथ सवार था। आरोप है कि राहुल और उसके साथी तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए इलाके में उत्पात मचाते रहे। जब स्थानीय लोगों ने विरोध किया तो हालात बिगड़ गए और गुस्साए लोगों ने राहुल और उसके साथियों की पिटाई कर दी। इसके बाद वे किसी तरह कार लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना से नाराज लोगों ने देर रात कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल ठाकुर और पारस वाधवा को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि राहुल ठाकुर इससे पहले भी विवादों में रह चुका है। 28 जुलाई 2024 को सेरीखेड़ी स्थित वुड आइलैंड रेस्टोरेंट में खाना खाने के दौरान स्टाफ से उसका विवाद हुआ था। गाली-गलौज के बाद मामला शांत हो गया, लेकिन अगले दिन राहुल 10-15 युवकों के साथ रेस्टोरेंट पहुंचा और जमकर तोड़फोड़ की। सोफा, कुर्सी, कांच, टीवी, फ्रिज, सीसीटीवी कैमरे और डीजे सिस्टम तक नहीं छोड़ा गया। इस मामले में भी रेस्टोरेंट मैनेजर की शिकायत पर राहुल और उसके साथियों की गिरफ्तारी हुई थी।
लगातार विवादों के चलते राहुल ठाकुर एक बार फिर पुलिस कार्रवाई के घेरे में आ गया है।

