CHHATTISGARH : नदी में मिले 2 हाथी शावकों के शव!

Date:

CHHATTISGARH : Bodies of 2 elephant calves found in the river!

रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से वन्यजीवों की मौत का चिंताजनक मामला सामने आया है। घरघोड़ा रेंज में कुरकुट नदी के अंदर दो हाथी शावकों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि दोनों शव करीब 3 से 4 दिन पुराने हैं।

वन विभाग को इस घटना की जानकारी तब मिली जब ग्रामीणों ने नदी में पड़े शव देखकर इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने जांच शुरू की तो सामने आया कि दोनों हाथियों की मौत करंट की चपेट में आने से हुई है।

इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है, लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि इतने दिनों तक नदी में शव पड़े रहने के बावजूद वन विभाग को इसकी खबर क्यों नहीं लगी। इसे लेकर विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

छत्तीसगढ़ राज्य वन्यजीव बोर्ड के सदस्य गोपाल अग्रवाल ने इस मामले में वनकर्मियों की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जंगलों में निगरानी बेहद कमजोर हो गई है, जिसकी वजह से शिकारी करंट लगाकर आसानी से वन्यजीवों का शिकार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की शिकायत दिल्ली में भी की जाएगी। वहीं युवा कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष उस्मान बेग ने भी कलेक्टर और डीएफओ को आवेदन देकर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

घरघोड़ा प्रभारी रेंजर विक्रांत कुमार के मुताबिक डॉक्टर की प्राथमिक जांच में शव 3-4 दिन पुराने होने की बात सामने आई है। कुछ अंग पूरी तरह लिक्विफाइड हो चुके थे, इसलिए सैंपल लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले अक्टूबर 2024 में तमनार रेंज में भी तीन हाथियों की मौत के मामले में बीटगार्ड की लापरवाही सामने आने पर निलंबन की कार्रवाई की गई थी।

 

 

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related