New Zealand Visa Rules: न्यूजीलैंड ने वीजा के नियम में किया बदलाव, जानिए भारतीयों पर क्या पड़ेगा इसका असर

New Zealand Visa Rules: नई दिल्ली। न्यूजीलैंड ने अपने वीजा के नियमों में बदलाव करते हुए इसमें कई महत्वपूर्ण अपडेट किया है। नए नियमों से उन लोगों को सीधा फायदा होगा जो नौकरी के सिलसिले में वहां जाना चाहते हैं। नियमों में बदलाव का मुख्य उद्देश्य है कि कर्मचारियों और नियोक्ताओं (नौकरी देने वालों) के लिए कार्य अनुभव की सीमा, वेतन एडजेस्टमेंट और वीजा के समय सीमा के समायोजन के साथ इमिग्रेशन प्रोसेस को आसान बनाना है।
जानिए क्या हुए बदलाव
दरअसल, न्यूजीलैंड सरकार ने प्रवासियों के लिए वर्क एक्सपिरिएंस के नियमों में बदलाव किया है। इसको अब तीन साल से घटाकर दो साल कर दिया गया है। माना जा रहा है कि न्यूजीलैंड के इस कदम से सक्षम श्रमिकों को वहां पर आसानी से रोजगार मिल सकेगा। नए नियमों से न्यूजीलैंड में नौकरी के अवसर तलाश रहे भारतीय प्रवासियों को भी मदद मिलने की उम्मीद है।
न्यूजीलैंड ने देश में रहने के लिए सीजनल वर्कर्स के लिए भी दो नए विकल्प दिए हैं। नियमों के अनुसार अनुभवी सीजनल वर्कर्स के लिए तीन साल का मल्टी एंट्री वीजा और कम कुशल श्रमिकों के लिए सात महीने का एकल-प्रवेश वीजा का विकल्प दिया गया है। बताया जाता है कि सीजनल वर्कर्स की मांग को ध्यान में रखते हुए इन नियमों को बनाया गया है।
AEWV और SPWV के नियमों में बदलाव
वहीं, एक्रिडेटेड इंप्लायर वर्क वीजा (AEWV) और स्पेसफिक पर्पस वर्क वीजा (SPWV) के औसत वेतन मानदंड को न्यूजीलैंड की सरकार ने हटा दिया है। नए नियमों में जो बदलाव हुए हैं, उसके अनुसार नियोक्ता नौकरी के अवसरों को पोस्ट करने के साथ, उस काम के लिए बाजार दर के अनुरूप तनख्वाह की पेशकश कर सकते हैं। अब उन्हें पहले से निर्धारित वेतन मानदंड को पूरा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
बता दें कि अगर कोई अपने बच्चों को न्यूजीलैंड लाने की जिज्ञासा रखता है तो उसके लिए AEWV धारकों को अब कम से कम NZ$55,844 प्रति वर्ष कमाना होगा। इस का मुख्य उद्देश्य है कि प्रवासी परिवार न्यूजीलैंड में आसानी ने खुद को आर्थिक रूप से मजबूत रख सके। इस न्यूनतम सीमा को साल 2019 से नहीं बदला गया था।
स्किल लेवल 4 या 5 के लिए भी बदलाव
बता दें कि न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलियाई और न्यूजीलैंड मानक वर्गीकरण व्यवसायों में स्किल के 4 या 5 लेवल के अंतर्गत आने वाली नौकरियों के लिए दो साल की वीजा अवधि को तीन साल बढ़ा दिया है। वर्तमान के नियमों के अनुसार अभी इस सुविधा के तहत केवल दो साल का वीजा मिलता रहा है, हालांकि, इन नौकरियों में जो कर्मचारी आवश्यकताओं को पूरा करते हैं, वे एक साल का विस्तार मांग सकते हैं।
छात्रों के लिए हुए खास बदलाव
वीजा के नियमों में हुए बदलाव से उन छात्रों को सीधा फायदा होने जा रहा है, जो न्यूजीलैंड में उच्च शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा रखते हैं। न्यूजीलैंड ने पोस्ट स्टडी वर्क वीजा (PSWV) को भी संशोधित किया है। इसका सीधा फायदा छात्रों को होगा। इसके तहत छात्रों को उनकी योग्यता के आधार पर देश में तीन साल तक रहने और काम करने की अनुमति मिल सकेगी। न्यूजीलैंड के वीजा के नए नियम यह सुनिश्चित करेंगे कि स्नातकोत्तर डिप्लोमा के बाद मास्टर डिग्री पूरी करने वाले छात्र पोस्ट स्टडी वर्क वीजा के लिए पात्रता खत्म नहीं होती है।