NEET Exam Paper Leak: नीट पेपर लीक को लेकर हाईकोर्ट में लंबित याचिकाओं को सुप्रीम कोर्ट में ट्रांसफर करने की याचिका पर शीर्ष अदालत ने नोटिस जारी किया है. सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट में इस मसले पर याचिका दाखिल करने वालों को नोटिस जारी किया है. सुप्रीम कोर्ट पहले से लंबित याचिकाओं के साथ आगे की सुनवाई करेगा. नीट पेपर लीक को देशभर में काफी ज्यादा बवाल देखने को मिला है. कई शहरों में पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन भी हुए हैं.
सुप्रीम कोर्ट में सोमवार (15 जुलाई) को नीट विवाद को लेकर ‘नेशनल टेस्टिंग एजेंसी’ (एनटीए) द्वारा दायर ट्रांसफर याचिकाओं पर सुनवाई हुई. इसमें हाईकोर्ट में दायर याचिकाओं को ट्रांसफर करने की मांग की गई थी. इस पर चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि हम इस मामले पर गुरुवार (18 जुलाई) को सुनवाई करेंगे. जवाब में एनटीए ने नोटिस जारी किए जाने की मांग की, क्योंकि हाईकोर्ट में मामले को आगे बढ़ाया जा रहा है. फिर सीजेआई ने नोटिस जारी किया.
