NAXALI PRABHAKAR ARREST: Top Maoist leader Prabhakar Rao arrested
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल आपरेशन में जवानों को बड़ी कामयाबी मिली है। माओवादी के टॉप कमांडर प्रभाकर उर्फ बालमूरी नारायण राव को कांकेर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रभाकर SZCM रैंक का कमांडर है, कांकेर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी को काफी महत्वपूर्ण बताया है। जानकारी के मुताबिक प्रभाकर अभी उत्तर सब जोनल ब्यूरो में Logistics Supply एवं MOPOS Team का इंचार्ज था। प्रभाकर राव नक्सल संगठन में पिछले करीब 40 सालों से सक्रिय था। छत्तीसगढ़ राज्य सहित कई अन्य राज्यों में गिरफ्तार शीर्ष नक्सली प्रभाकर राव के विरूद्ध दर्जनों अपराध पंजीबद्ध है।
जानकारी के मुताबिक Logistic Supply एवं Logistic इंचार्ज, ओड़िसा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ के शीर्ष माओवादी लीडरों का काफी करीबी था। जानकारी के मुताबिक प्रभाकर राव सीसीएम सचिव गणपति का चचेरा भाई है। सीसीएम सचिव बसवा राजू, सीसीएम के.रामचंद्र रेड्डी उर्फ राजू, देवजी उर्फ कुमा दादा, कोसा, सोनू, मल्लाराजा रेड़डी उर्फ संग्राम से भी उसके करीबी संबंध बताये जा रहे हैं।
DKSZC सदस्य प्रभाकर राव उर्फ बालमूरी नारायण राव के ऊपर शासन द्वारा 25 लाख का ईनाम घोषित था। वहीं गिरफ्तार एक अन्य महिला नक्सली DVC सदस्य राजे कांगे (पत्नि) रावघाट एरिया कमेटी की प्रभारी है। कांकेर पुलिस के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से प्रतिबंधित एवं गैर कानूनी सीपीआई माओवादी संगठन के उत्तर बस्तर सब जोनल ब्यूरो के सीनियर माओवादी कैडर प्रभाकर राव की गतिविधि जिला कांकेर क्षेत्र में परिलक्षित होने की जानकारी मिली थी।
पुलिस द्वारा उक्त आसूचना पर तस्दीकी की जा रही थी। इस दौरान दिनांक 22.12.2024 को जिला कांकेर के थाना अंतागढ़ क्षेत्रान्तर्गत पुलिस द्वारा की गई नाकाबंदी कार्यवाही में प्रभाकर राव उर्फ बालमूरी नारायण राव को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार माओवादी प्रभाकर राव से लगातार पूछताछ कर अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज, जगदलपुर सुन्दरराज पी. द्वारा यह बताया गया कि बस्तर संभाग अंतर्गत माओवादियों के विरूद्ध की जा रही प्रभावी कार्यवाही के सिलसिले में वर्ष 2024 में अब तक कुल 884 माओवादी कैडरों की गिरफ्तारी की जाकर उनके ऊपर कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
प्रभाकर राव उर्फ बालमूरी नारायण राव की गिरफ्तारी नक्सल विरोधी अभियान की दृष्टिकोण से पुलिस बल को प्राप्त एक महत्वपूर्ण सफलता है। पुलिस उप महानिरीक्षक कांकेर रेंज कांकेर अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांकेर आई के. ऐलेसेला के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर, संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ जयप्रकाश बढ़ई के पर्यवेक्षण में पुलिस थाना अंतागढ़ द्वारा उत्तर बस्तर क्षेत्र की माओवादी संगठन के एक महत्वपूर्ण कैडर की गिरफ्तारी किये जाने से क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने में उल्लेखनीय बढ़त प्राप्त होगी।
प्रभाकर उर्फ बालमूरी नारायण राव द्वारा नक्सल संगठन में वर्ष 1984 में पार्टी सदस्य के रूप में भर्ती होकर विगत 40 वर्षों से सक्रिय रहकर कार्य कर रहा था।
नक्सली प्रभाकर 40 साल से है सक्रिय –
– प्रभाकर उर्फ बालमूरी नारायण राव, उम्र- 57 वर्ष
– निवासीः- ग्राम बीरपुर, जिला जगित्याल, तेलंगाना राज्य
– वर्ष 1984 से नक्सल संगठन में पार्टी सदस्य के रूप में भर्ती
– वर्ष 1984-1994 तक अविभाजित राज्य आन्ध्रप्रदेश में माओवादी संगठन में सक्रिय
– वर्ष 1995-1997 तक बालाघाट क्षेत्र (मध्यप्रदेश) में सक्रिय
– वर्ष 1998-2005 तक उत्तर बस्तर, कोयलीबेड़ा क्षेत्र में सक्रिय
– वर्ष 2005-2007 DKSZC Supply team & Urban network का कार्य
– वर्ष 2007-2008 मानपुर-मोहला क्षेत्र में सक्रिय
– वर्ष 2008-2024 वर्तमान समय तक- DKSZC Supply एवं MOPOS (मोबाईल पॉलेटिकल स्कूल) का प्रभारी

