Mumbai bomb threat: मुंबई बम धमकी मामले में नोएडा से आरोपी गिरफ्तार, लश्कर-ए-जिहादी से जुड़ा होने का किया था दावा

Date:

Mumbai bomb threat: नोएडा। मुंबई में अनंत चतुर्दशी के दिन 400 किलो आरडीएक्स से शहर को उड़ाने की धमकी देने वाले एक शख्स को मुंबई पुलिस ने नोएडा से गिरफ्तार किया है। इसी के साथ 24 घंटे के भीतर ही पूरे मामले का खुलासा हो गया। आरोपी की पहचान अश्विनी कुमार सुप्रा के रूप में हुई है, जो मूलत: बिहार का रहने वाला है। वह पिछले पांच साल से नोएडा में रह रहा था। अश्विनी खुद को ज्योतिषी बताता था।

कहा था, लगाए हैं 34 गाड़ियों में ह्यूमन बम
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे मुंबई ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए थे। संदेश में दावा किया गया था कि शहर में 34 गाड़ियों में ह्यूमन बम लगाए गए हैं, जिनमें 400 किलो आरडीएक्स का इस्तेमाल किया गया है।

धमकी में कहा गया था कि ये धमाके पूरे मुंबई को हिलाकर रख देंगे और करीब एक करोड़ लोग इसकी चपेट में आएंगे। आरोपी ने खुद को पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन ‘लश्कर-ए-जिहादी’ का सदस्य बताते हुए यह भी दावा किया था कि 14 आतंकी मुंबई में घुस चुके हैं। संदेश में मुंबई पुलिस के खिलाफ अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया था।

नोएडा में छापेमारी, आरोपी गिरफ्तार
इसके बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने धमकी के स्रोत का पता लगाया और नोएडा में छापेमारी कर अश्विनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपित सेक्टर 79 सिविटेक स्टेडिया सोसायटी में रहता था। अब अश्विनी को नोएडा से मुंबई लाया जा रहा है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी ताकि धमकी के पीछे का असली मकसद सामने आ सके।

दोस्त को फंसाने के लिए बनाई थी योजना
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बताया कि अश्विन ने फिरोज बनकर मुंबई पुलिस को थ्रेट मैसेज भेजा था। वो चाहता था कि दोस्त फिरोज जेल चला जाए। दरअसल, फिरोज ने फुलवारी शरीफ थाने में दर्ज मामला दर्ज कराया था। फिरोज की शिकायत पर ही बिहार पुलिस ने साल 2023 में अश्विन को एक फ्रॉड केस में जेल भेजा था। अब अश्विन उसका बदला लेना चाहता था।

सात मोबाइल बरामद
पुलिस ने उसके कब्जे से सात मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, छह मेमोरी कार्ड होल्डर, दो डिजिटल कार्ड, चार सिम कार्ड होल्डर और एक मेमोरी कार्ड होल्डर बरामद किया है।

आरोपित के पिता हैं शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त
आरोपित स्नातकोत्तर की पढ़ाई किये हुए है। वह शादीशुदा है, लेकिन घरेलू विवाद के चलते उसकी पत्नी उससे अलग हो गई है। तीन में से दो बच्चे पत्नी के साथ और एक बेटी आरोपित के साथ रहती है। आरोपित के पिता सुरेश कुमार शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हैं।

 

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related