TARIFF ECONOMIC MEETING : 40 billion dollar exports in danger, Modi calls high level meeting
नई दिल्ली। अमेरिका द्वारा भारत के निर्यात पर 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाने के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 6:30 बजे टॉप इकोनॉमिक बॉडी आर्थिक सलाहकार परिषद (Economic Advisory Council) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर होगी, जिसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित सात केंद्रीय मंत्री शामिल होने की उम्मीद है।
बैठक ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय गहने, कपड़े और जूते जैसे उत्पादों पर टैरिफ को 27 अगस्त से दोगुना कर 50 फीसदी करने की योजना बनाई है। इससे करीब 40 अरब अमेरिकी डॉलर के भारतीय निर्यात पर खतरा मंडरा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, इस मीटिंग में अमेरिका के दबाव, खासकर कृषि और डेयरी सेक्टर को खोलने के मुद्दे पर रणनीति तय की जाएगी। भारत ने पहले ही साफ कर दिया है कि वह किसानों और पशुपालकों की आजीविका को खतरे में डालने वाली किसी भी रियायत को स्वीकार नहीं करेगा।
यह बैठक ऐसे समय पर बुलाई गई है जब चीन के विदेश मंत्री वांग यी भारत दौरे पर हैं और विदेश मंत्री एस. जयशंकर जल्द ही रूस यात्रा पर रवाना होंगे। ऐसे में अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच भारत, बीजिंग और मॉस्को से रिश्ते मजबूत करने की दिशा में भी कदम बढ़ा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने स्वतंत्रता दिवस भाषण में भी इशारों में कहा था कि भारत अपने किसानों, मछुआरों और पशुपालकों से जुड़े हितों पर किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा।
हाल ही में अलास्का में ट्रंप और पुतिन की मुलाकात के बाद यह उम्मीद जगी है कि अगर अमेरिका-रूस रिश्तों में सुधार होता है तो भारत पर अतिरिक्त टैरिफ का बोझ कुछ कम हो सकता है।

