Trending Nowशहर एवं राज्य

छत्तीसगढ़ का 32 वां जिला बना मनेंद्रगढ़: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कलेक्ट्रेट पहुंचे, नये जिले का किया उद्घाटन

रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दो नवगठित जिलों का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। वह मनेंद्रगढ़ पहुंच गए हैं। साथ में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, कोरिया जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया और कोरबा की सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत एवं कोरिया जिले के तीनों विधायक भी उपस्थित हैं। जिले के पहले कलेक्टर पी.एस. ध्रुव ने कार्यभार संभाला।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोपहर बाद 2.40 बजे से 4.40 बजे तक सक्ती में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। यहां पहले स्टेडियम से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक रोड शो होगा। वहां पुलिस अधीक्षक कार्यालय का उद्घाटन होगा। उसके बाद मुख्यमंत्री बड़ादेव स्थापना और महापूजन कार्यक्रम में भाग लेंगे। उसके बाद सक्ती के कलेक्टर कार्यालय का उद्घाटन होगा। मुख्यमंत्री एक जनसभा को संबोधित कर योजनाओं का लोकार्पण और भूमि पूजन करने वाले हैं। फिर हेलीकाप्टर से शाम 4.45 बजे रायपुर के लिए उड़ान भरेगा।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के 32वें जिले मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर का उद्घाटन किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट भवन में कई विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण भी किया। कलेक्ट्रेट के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मनेंंद्रगढ़ में रोड शो पर निकले। इस दौरान उनका जगह-जगह पर स्वागत किया किया गया। उन्हें वन औषधियों से तौला गया। सड़क के दोनों ओर नये जिले के निर्माण के लिए धन्यवाद देने भीड़ खड़ी थी। सीएम पर फूलों की वर्षा भी की गई।

इसके बाद वे 33वें जिले सक्ती का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री रोड शो और जनसभा भी करने वाले हैं। इन जिलाें के गठन की अधिसूचना गुरुवार को ही जारी कर दी गई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 15 अगस्त 2021 को इन दोनों जिलों के गठन की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री 9 सितम्बर को सवेरे 10.30 बजे बिलासपुर के सकरी स्थित जैन इंटरनेशनल स्कूल से हेलीकाप्टर में मनेंद्रगढ़ के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री वहां प्रदेश के नवगठित 32वें जिले मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का उद्घाटन किया। अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन भी किया । इसके बाद रोड शो और आम सभा होगी। मुख्यमंत्री 1.55 बजे मनेन्द्रगढ़ से सक्ती के लिए रवाना हो जाएंगे।

मनेंद्रगढ़ में 200 करोड़ से अधिक के काम

अधिकारियों ने बताया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के लिए 200 करोड़ 73 लाख रुपए की राशि के 15 कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण करेंगे। जिसमें 187 करोड़ 04 लाख 66 हजार के नौ कार्यों का भूमि पूजन होना है। वहीं 13 करोड़ 68 लाख 57 हजार के छह कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं से लोगों को सामग्री आदि का वितरण भी किया जाना है।

सक्ती के लिए 153 करोड़ रुपए का काम

मुख्यमंत्री शुक्रवार को सक्ती के शासकीय क्रान्ति कुमार भारतीय महाविद्यालय परिसर में जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। इस दौरान 153 करोड़ 6 लाख रुपए के 309 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन होना है। इसमें 85 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत के 296 कार्यों का भूमिपूजन होगा। वहीं 67 करोड़ 85 लाख 99 हजार रुपए की लागत के 13 कार्यों का लोकार्पण होना है।

Share This: