CG KISAN MORCHA : Protest against seizure of Chhattisgarhi Mother…
महासमुंद, 6 जनवरी 2026। विष्णुदेव साय सरकार पर छत्तीसगढ़ी महतारी को तुमगांव थाना में जप्ती बनाए जाने का आरोप लगाते हुए छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के किसान मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय महासमुंद के जनदर्शन में पहुंचे। किसानों ने गैर-औद्योगिक क्षेत्र में संचालित अवैध करणी कृपा पावर प्राइवेट लिमिटेड और नूतन आयरन एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
किसानों का आरोप है कि सिरपुर जैसे विश्व धरोहर क्षेत्र के आसपास अवैध उद्योगों में बिना अनुमति निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस पर पहले दिए गए ज्ञापन के बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
जनदर्शन के दौरान किसानों ने बताया कि कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने इस मुद्दे पर चर्चा से इनकार करते हुए मामला डिप्टी कलेक्टर को सौंप दिया। इसके बाद दंडाधिकारी जांच को लेकर एसडीएम महासमुंद के साथ बैठक शुरू हुई। किसानों का कहना है कि यह मामला माननीय हाईकोर्ट के आदेशों की अवमानना से भी जुड़ा है, लेकिन जिला प्रशासन इस पर चुप्पी साधे हुए है।
किसान मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को तमनार, खैरागढ़ और छुईखदान जैसे बड़े आंदोलनों की तर्ज पर प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा। किसान अब छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता यात्रा निकालने की तैयारी में जुट गए हैं।
किसानों ने बताया कि डिप्टी कलेक्टर तेजपाल सिंह ध्रुव और एसडीएम अक्षा गुप्ता जल्द ही दंडाधिकारी जांच आवेदन पर निर्णय ले सकते हैं। वहीं, 8 जनवरी को किसान मुख्यमंत्री जनदर्शन में पहुंचकर सीधे जवाब मांगेंगे।
इस दौरान जनदर्शन में सत्याग्रह आंदोलनकारी महिला किसान नेत्री श्याम बाई ध्रुव, जिला संगठन प्रभारी अशोक कश्यप, बृज बिहारी साहू, तोषण सिन्हा और लीलाधर पटेल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

