MAHADEV BETTING CASE : Non-bailable warrant issued against Shubham Soni
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस में जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। फरार चल रहे शुभम सोनी के खिलाफ ED की स्पेशल कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी किया है। वहीं, ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसकी रिमांड खत्म होने के बाद ED और CBI के मामलों में अलग-अलग सुनवाई होगी।
शुभम सोनी नवंबर 2023 में एक वीडियो जारी कर चर्चा में आया था। उसने खुद को महादेव ऐप का असली मालिक बताते हुए दावा किया था कि तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कहने पर वह दुबई गया था और 508 करोड़ रुपये प्रोटेक्शन मनी के तौर पर पहुंचाए गए थे। ये आरोप शुभम सोनी ने लगाए थे।
ED फिर मांग सकती है रिमांड
सौरभ चंद्राकर से ED ने सहयोगियों के बयान, डिजिटल डेटा और विदेश में मौजूद कंपनियों के दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ की है। एजेंसी दोबारा पूछताछ के लिए कस्टोडियल रिमांड मांग सकती है। मामले में कुछ पुलिस अधिकारियों को भी पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाए जाने की जानकारी सामने आई है।
हजारों करोड़ की संपत्ति जांच के दायरे में
ED के मुताबिक, अब तक करीब 190 ठिकानों पर छापेमारी हुई है। एजेंसी लगभग 2,000 करोड़ रुपये जब्त या फ्रीज और 3,500 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच कर चुकी है। इसमें विदेश की करीब 1,800 करोड़ रुपये की संपत्तियां शामिल हैं। दुबई में 22 अचल संपत्तियां भी अटैच की गई हैं।
सौरभ की दुबई में हुई शादी पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च होने का दावा भी ED की जांच में शामिल है।


