CHHATTISGARH : Murder attack case on Prakhar who has Mahadev connection
भिलाई. भिलाई में महादेव सट्टा ऐप से जुड़े सौरभ चंद्राकर के भांजे प्रखर चंद्राकर का नाम एक बार फिर गंभीर वारदात में सामने आया है। इस बार उस पर अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की कोशिश करने का आरोप लगा है।
पीड़ित योगेश सूर्यवंशी के मुताबिक, 2 जुलाई की रात वह पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे थे, तभी डीपीएस चौक के पास बाइक सवार युवकों ने बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। किसी तरह आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर बाइक के पहिए में डंडा फंसाकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया गया।
इसके बाद चाकू, कटर और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया गया। योगेश के पैरों और गर्दन पर 8 से 10 वार किए गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका ICU में इलाज चल रहा है।
CG CRIME : नशे में विवाद के बाद ट्रांसपोर्टर ने साथी को कैंपर से कुचल डाला
पुलिस ने प्रखर चंद्राकर, हरीश यादव और अमन मूर्ति के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।
यह पहली बार नहीं है जब प्रखर का नाम हिंसक घटनाओं में सामने आया हो। इससे पहले जूक क्लब मारपीट कांड और सुपेला इलाके की हिंसक घटनाओं में भी उसका नाम जुड़ चुका है। पुलिस जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े करोड़ों के ट्रांजैक्शन और संदिग्ध बैंक खातों के सुराग भी पहले मिल चुके हैं।
अब सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ पुरानी दुश्मनी का मामला है या फिर इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी काम कर रहा है? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।
