CG CRIME : After a drunken argument, a transporter crushed his colleague with a camper.
कोरबा. कोरबा के मीरा रिसोर्ट में बर्थडे पार्टी खूनी खेल में बदल गई। देर रात तक जश्न मनाने पहुंचे ट्रांसपोर्ट कारोबारियों के बीच शराब के नशे में ऐसा विवाद हुआ कि एक युवक की जान चली गई। आरोप है कि गुस्से में एक ट्रांसपोर्टर ने अपने ही साथी पर कैंपर वाहन चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान दीपका के गरुणनगर निवासी उज्जवल सिंह (35) के रूप में हुई है। उज्जवल शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं। वहीं, आरोपी तुषार ढांढा (24) की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामला उरगा थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा के जन्मदिन की पार्टी के लिए 20 से 25 लोग मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे। रात करीब 11:30 बजे किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और माहौल बिगड़ गया। आरोप है कि तुषार ढांढा नशे में रिसोर्ट का सामान तोड़ने लगा और लोगों से भिड़ गया।
TUTA VILLAGE NO DEMOLITION : तूता में अभी नहीं चलेगा बुलडोजर! NRDA की सफाई
देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। इसी दौरान तुषार ने कैंपर वाहन उज्जवल सिंह के ऊपर चढ़ा दिया। गंभीर चोट लगने से उज्जवल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पार्टी में मौजूद युवकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब रिसोर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
