CG MULTIPLEX GIRLS ASSAULT : Two sisters beaten up in Mukunda Multiplex, crowd keeps making videos…
रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले में पुरानी रंजिश के चलते दो लड़कियों ने दो सगी बहनों की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना मुकुंद मल्टीप्लेक्स की है, जहाँ आरोपी लड़कियों ने पीड़ित बहनों पर लात-घूंसों से हमला किया, बाल पकड़कर घसीटा और जमीन पर पटक दिया। मारपीट के दौरान आरोपी लड़कियों के परिजन और बॉयफ्रेंड भी मौके पर मौजूद थे।
घटना के वक्त मौके पर भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। लोग सिर्फ वीडियो बनाते रहे। यह पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला
पीड़ित लड़की कविता सिवनी के चिल्हासपारा में रहती है और मुकुंद मल्टीप्लेक्स में टिकट काउंटर पर काम करती है। 5 दिसंबर दोपहर करीब 3 बजे कविता टिकट काउंटर पर ड्यूटी कर रही थी, तभी मल्टीप्लेक्स स्टाफ की दो लड़कियाँ अंजलि और गिरजा पुरानी रंजिश को लेकर उससे विवाद करने पहुंचीं।
विवाद इतना बढ़ गया कि अंजलि ने अपने बॉयफ्रेंड भोजराज को बुला लिया, जबकि गिरजा ने अपने माता-पिता और भाई को मौके पर बुला लिया। परिजन पहुँचते ही दोनों लड़कियाँ कविता को गालियाँ देने लगीं और विरोध करने पर उसकी पिटाई शुरू कर दी।
कविता को बचाने उसकी बहन प्रिया पहुँची तो आरोपी लड़कियों ने उसकी भी बेरहमी से पिटाई कर दी। वायरल वीडियो में आरोपी लड़कियाँ पीड़ित बहनों की छाती पर लात मारते हुए दिख रही हैं। हमले में कविता के दोनों हाथ जख्मी हुए हैं और प्रिया के सीने पर गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने दर्ज की FIR
घटना के बाद कविता ने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि वीडियो और गवाहों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

