INDIA GOVERNMENT ACTION: Major government action! TRP of news channels stopped
नई दिल्ली। ईरान-इजराइल युद्ध की कवरेज को लेकर भारत में बड़ा मीडिया विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि कई टीवी न्यूज़ चैनल टीआरपी की दौड़ में खबरों को इतना सनसनीखेज बना रहे थे कि सरकार को सीधा हस्तक्षेप करना पड़ा।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने बड़ा फैसला लेते हुए टीवी न्यूज़ चैनलों की टीआरपी रिपोर्टिंग पर 4 हफ्ते के लिए रोक लगा दी है। इसके लिए ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल यानी BARC को आदेश जारी किया गया है कि वह फिलहाल किसी भी न्यूज चैनल की टीआरपी रिपोर्ट जारी न करे।
सरकार का कहना है कि इजराइल-ईरान युद्ध की कवरेज में कुछ चैनल पुरानी फुटेज, गलत लेबल वाले वीडियो और ड्रामेटिक म्यूजिक के साथ खबरें दिखा रहे हैं। इससे आम लोगों में डर और भ्रम फैलने का खतरा बढ़ गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक कई चैनलों ने पुराने युद्ध के वीडियो, गेम फुटेज या AI से बने क्लिप तक को असली बताकर दिखाया। कुछ जगहों पर बुर्ज खलीफा पर हमले या अमेरिकी जहाज पर मिसाइल अटैक जैसे दावे भी बिना सबूत के दिखाए गए।
टीआरपी दरअसल यह बताती है कि कौन सा चैनल कितना देखा जा रहा है। ज्यादा टीआरपी का मतलब ज्यादा विज्ञापन और ज्यादा कमाई। अब चार हफ्ते तक टीआरपी रिपोर्ट ही नहीं आएगी, तो चैनलों की रैंकिंग तय नहीं होगी। माना जा रहा है कि इससे सनसनी फैलाकर टीआरपी बटोरने की होड़ पर रोक लगेगी।
हालांकि इस फैसले को लेकर बहस भी शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे जिम्मेदार पत्रकारिता की दिशा में कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे मीडिया की स्वतंत्रता पर दबाव मान रहे हैं।

