SCAM : 590 crore scam
पंचकूला। हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों से जुड़े कथित 590 करोड़ रुपये के घोटाले में चंडीगढ़ के दो ज्वेलर्स की भूमिका संदेह के घेरे में है। सावन और माणिक ज्वेलर्स के खातों में करोड़ों रुपये ट्रांसफर होने की बात सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपित रिभव ऋषि और अभय पर अधिकारियों को कथित रूप से सोने के बिस्कुट या महंगी ज्वेलरी के जरिए लाभ पहुंचाने का शक है। आशंका जताई जा रही है कि इसी उद्देश्य से ज्वेलर्स के खातों में रकम भेजी गई हो। हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दोनों ज्वेलर्स से पूछताछ की है, हालांकि ट्रांसफर की गई राशि का स्पष्ट उद्देश्य अभी सामने नहीं आया है।
‘स्वास्तिक देश’ कंपनी के जरिए ट्रांजेक्शन
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि सरकारी खातों से कथित हेराफेरी कर बड़ी रकम ‘स्वास्तिक देश’ नामक कंपनी के खाते में डाली गई। यह खाता एयू स्माल फाइनेंस बैंक की मोहाली शाखा में संचालित था।
बताया गया है कि एचएसपीपी, एचपीसीबी, एचपीजीसीएल, डीपीएमजी और नगर निगम पंचकूला सहित अन्य विभागों से धनराशि इस खाते में ट्रांसफर की गई। इसके बाद करोड़ों रुपये सावन और माणिक ज्वेलर्स के खातों में भेजे गए।
रिश्तेदारों और निजी खातों तक पहुंची रकम
जांच में यह भी सामने आया कि ‘स्वास्तिक देश’ कंपनी के खाते से आगे ऋषि की पत्नी दिव्या अरोड़ा, अभिषेक सिंगला, स्वाति सिंगला और अन्य निजी व सरकारी खातों में धन भेजा गया। एसीबी को आशंका है कि बैंक अधिकारियों, निजी व्यक्तियों और अन्य संबंधित लोगों के बीच मिलीभगत से सरकारी धन का कथित गबन किया गया।
बैंक स्टेटमेंट में संदिग्ध लेनदेन
बैंक स्टेटमेंट के अनुसार हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर निगम पंचकूला के खातों से हुए कई ट्रांजेक्शन संदिग्ध पाए गए हैं। जांच में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एयू स्माल फाइनेंस बैंक के अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के दायरे में बताई गई है।
18 फरवरी 2026 को तैयार जांच रिपोर्ट में संबंधित बैंक अधिकारियों सहित अन्य सार्वजनिक व निजी व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की पुष्टि हुई है। मामले की गहन जांच की सिफारिश राज्य पुलिस को की गई है।

