CG BREAKING : GGU student sets himself on fire after pouring petrol on himself, condition critical
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के एक छात्र ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना में छात्र बुरी तरह झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। छात्र को पहले सिम्स और फिर अपोलो अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना कोनी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, 21 वर्षीय आयुष यादव गुरुवार सुबह अचानक अपने कमरे से बाहर निकला। कुछ देर बाद वह पेट्रोल से भरी बोतल लेकर लौटा और खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा ली। आग की लपटें देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई।
घटना की जानकारी मिलते ही दोस्तों ने पुलिस को सूचना दी और घायल छात्र को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया।
उत्तर प्रदेश का रहने वाला है छात्र
आयुष यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह वर्तमान में बिलासपुर के बड़ी कोनी इलाके के रामायण नगर स्थित एक प्राइवेट हॉस्टल में रहकर लॉ सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता प्रमोद यादव बीएसएफ में पदस्थ हैं और फिलहाल त्रिपुरा में सेवाएं दे रहे हैं।
रूम पार्टनर बाहर गया था
कोनी थाना टीआई भावेश शेंडे ने बताया कि घटना के समय आयुष का रूम पार्टनर बाहर गया हुआ था। उसी दौरान उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। युवक ने ऐसा क्यों किया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
परिजनों को दी गई सूचना, जांच जारी
पुलिस ने युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। देर शाम तक उनके बिलासपुर पहुंचने की संभावना है। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला लव अफेयर से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

