KALPANA VERMA CONTROVERSY : महादेव एप को लेकर रिश्ता बिगड़ा …

Date:

KALPANA VERMA CONTROVERSY : Relationship soured over Mahadev app…

रायपुर, 18 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे से जुड़ा एक हाई-प्रोफाइल मामला इन दिनों राजधानी में सुर्खियों में है। गायत्री नगर निवासी और होटल व्यवसाय से जुड़े कारोबारी दीपक टंडन ने पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण गौतम और पुलिस महानिरीक्षक (IG) अमरेश मिश्रा को पत्र लिखकर DSP कल्पना वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कारोबारी ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

दीपक टंडन का आरोप है कि पिछले करीब पांच वर्षों से उनका DSP कल्पना वर्मा से संपर्क था, जो समय के साथ व्यक्तिगत और पारिवारिक नजदीकियों में बदल गया। टंडन के मुताबिक यही संबंध बाद में विवाद, तनाव और आर्थिक नुकसान का कारण बना। उन्होंने दावा किया है कि धोखाधड़ी, आर्थिक शोषण और ब्लैकमेलिंग के जरिए उनसे दो करोड़ रुपये से अधिक की रकम वसूली गई।

कारोबारी का कहना है कि DSP कल्पना वर्मा ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए उनसे लगातार आर्थिक लाभ लिया। आरोप है कि उनके और उनके परिजनों, खासकर पिता हेमंत वर्मा के बैंक खातों में नियमित रूप से लेन-देन कराया गया। इन ट्रांजैक्शनों से जुड़े दस्तावेज टंडन ने शिकायत पत्र के साथ संलग्न करने का दावा किया है।

टंडन ने यह भी आरोप लगाया कि DSP कल्पना वर्मा ने उन पर दंतेवाड़ा में महादेव सट्टा एप से जुड़े एक पैनल को संचालित करने का दबाव बनाया। जब उन्होंने इस अवैध गतिविधि में शामिल होने से इनकार किया, तो रिश्ते पूरी तरह बिगड़ गए। कारोबारी का दावा है कि इस संबंध में उनके पास मोबाइल चैट्स और डिजिटल सबूत मौजूद हैं।

मामले में VIP रोड स्थित होटल एटमॉसफेरिया को लेकर भी गंभीर आरोप सामने आए हैं। टंडन के अनुसार, DSP कल्पना वर्मा, उनके पिता हेमंत वर्मा और भाई राकेश वर्मा ने साजिश के तहत होटल को गैरकानूनी तरीके से अपने नाम पर रजिस्टर्ड करा लिया। जबकि होटल की खरीद के लिए 30 लाख रुपये का भुगतान बैंक के जरिए RTGS से किया गया था, साथ ही नगद और अन्य माध्यमों से भी लेन-देन हुआ।

रिश्तों में खटास के बाद ब्लैकमेलिंग के आरोप भी लगाए गए हैं। टंडन का कहना है कि उन पर पत्नी से तलाक लेने का दबाव बनाया गया, झूठे मामलों में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी गई, यहां तक कि पत्नी के नाम से रजिस्टर्ड एक महंगी बाइक को जबरन अपने कब्जे में रखा गया। कारोबारी का दावा है कि इन घटनाओं से उनका पूरा परिवार दहशत में है और उन्हें जान का खतरा महसूस हो रहा है।

यह मामला तब और चर्चा में आया जब होटल में हुई मुलाकातों से जुड़े वीडियो और फुटेज सामने आए। टंडन ने अक्टूबर में खम्हारडीह थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। शुरुआती कार्रवाई को लेकर सवाल उठे तो वह मीडिया के सामने आए।

वहीं DSP कल्पना वर्मा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि दीपक टंडन उन पर कोर्ट से केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। इनकार करने पर उनके खिलाफ फर्जी चैट्स, तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए गए। वायरल वीडियो को लेकर DSP का कहना है कि वह सिर्फ अपने बकाया पैसे लेने होटल गई थीं और पूरे मामले में वह कानून के तहत आगे की कार्रवाई कर रही हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related