Dhar Bhojshala Survey : धार की ऐतिहासिक भोजशाला के सर्वेक्षण के मामले में आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) को 15 जुलाई तक की मोहलत मिल गई है। गुरुवार को हुई सुनवाई में हाईकोर्ट ने यह समय सीमा निर्धारित की। याचिकाकर्ता आशीष गोयल के अनुसार, कोर्ट ने ASI को 15 जुलाई तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है, जबकि मामले की अगली सुनवाई 22 जुलाई को निर्धारित की गई है।
समय सीमा बढ़ाने की मांग
Dhar Bhojshala Survey : इससे पहले, 2 जुलाई को हुई सुनवाई में ASI ने इंदौर हाईकोर्ट से अधिक समय की मांग की थी। ASI के वकील हिमांशु जोशी ने कहा कि रिपोर्ट तैयार करने के लिए कोर्ट से 3 से 4 सप्ताह का समय मांगा गया है। कोर्ट ने ASI की इस मांग को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए 15 जुलाई तक की मोहलत दी है।
दरअसल भोजशाला परिसर में सर्वेक्षण का कार्य संपन्न हो चुका है और कल ASI के अधिकारी धार से रवाना हो गए हैं। आज आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की टीम मजदूरों के साथ भोजशाला नहीं पहुंची। 98 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद टीम साक्ष्य, अवशेष, शिलालेख और वास्तुशैली के आधार पर रिपोर्ट तैयार करने में जुटी है। मजदूर भोजशाला में लेवलिंग और मेंटेनेंस का कार्य कर रहे थे।
