बिलासपुर। जिले के बिल्हा स्थित चूराघाट एनीकट में पिकनिक के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा अब शोक में बदल गया है। दो दिन से लापता रेलवे अधिकारी संतोष राम का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया, जबकि उनका साला अनुज कुमार अब भी लापता है।
जानकारी के अनुसार, बिल्हा रेलवे कॉलोनी निवासी संतोष राम रेलवे विभाग में एसएससी पद पर पदस्थ थे। शनिवार को वे अपने परिवार के साथ पिकनिक मनाने चूराघाट एनीकट पहुंचे थे। नहाने के दौरान तेज बहाव में संतोष राम बह गए। उन्हें बचाने के लिए साला अनुज कुमार भी पानी में कूद गया, लेकिन वह भी धारा में बह गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर बिल्हा पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय मछुआरों के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। दो दिन की मशक्कत के बाद सोमवार सुबह संतोष राम का शव एनीकट से कुछ दूरी पर मिला, जबकि अनुज की तलाश अभी भी जारी है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

