CHHATTISGARH : Two new awards will be added to the State Festival, know in whose name they will be!
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 इस बार दो नए राज्य अलंकरणों की वजह से खास होने जा रहा है। पहली बार पंडवानी गायिका तीजन बाई और संत रविदास के नाम पर सम्मान शुरू किए जा रहे हैं। राज्योत्सव के दौरान आयोजित अलंकरण समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अलग-अलग क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
इस बार कुल 41 श्रेणियों में राज्य अलंकरण दिए जाएंगे। इनमें संस्कृति विभाग के 14 और अन्य विभागों के 27 पुरस्कार शामिल हैं। कला-संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, कृषि, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण, सहकारिता, श्रमिक कल्याण और सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाले व्यक्ति और संस्थाएं सम्मानित होंगे।
पिछले साल से बढ़ी पुरस्कारों की श्रेणियां
राज्योत्सव 2025 में 34 श्रेणियों में राज्य अलंकरण दिए गए थे। इस बार दो नए सम्मान जुड़ने से पुरस्कारों की सूची और विस्तृत हो गई है।
पिछले साल हबीब तनवीर, पंडित सुंदरलाल शर्मा, चक्रधर, दाऊ मंदराजी और लाला जगदलपुरी जैसे नामों से जुड़े सम्मान दिए गए थे। वहीं पत्रकारिता के क्षेत्र में चंदूलाल चंद्राकर और मधुकर खेर स्मृति पुरस्कार भी शामिल थे।
अलग-अलग विभाग अपने क्षेत्र के योग्य लोगों और संस्थाओं के नाम भेजते हैं। उन्हीं में से पुरस्कार पाने वालों का चयन किया जाता है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि इस बार 41 श्रेणियों में किन प्रतिभाओं को राज्य का सर्वोच्च सम्मान मिलता है।
