CG BREAKING : Election Commission takes strict action against 11 inactive political parties in Chhattisgarh…
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाया है। आयोग ने राज्य के 11 गैर-मान्यता प्राप्त और निष्क्रिय राजनीतिक दलों को नोटिस जारी किया है। इनमें धूम सेना, छत्तीसगढ़ी समाज पार्टी, हमर राज पार्टी, आजादी का अंतिम आंदोलन समेत कई दल शामिल हैं।
आयोग ने इन दलों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी वित्तीय ऑडिट रिपोर्ट, पार्टी संगठन संरचना और सदस्यता विवरण प्रस्तुत करें। यदि ऐसा नहीं किया गया तो दल की मान्यता समाप्त की जा सकती है।
रायपुर जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, इन दलों पर आरोप है कि वे लंबे समय से चुनावी प्रक्रिया से दूर हैं, लेकिन टैक्स छूट और अन्य सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार, प्रत्येक राजनीतिक दल को हर वित्तीय वर्ष में ऑडिट रिपोर्ट, चंदा विवरण और सदस्यता सूची प्रस्तुत करना अनिवार्य है। छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग की यह कार्रवाई राजनीतिक सुधार और चुनावी पारदर्शिता की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि यह पहल उन दलों की पहचान करने के लिए की गई है जो निष्क्रिय हैं या नियमानुसार दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर रहे। इससे राज्य की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जा सकेगा।

