CG MEDICAL COUNSELLING : Big update on PG medical counselling..
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पीजी मेडिकल एडमिशन 2025 को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। राज्य कोटा के तहत प्रथम चरण (Round-1) की काउंसलिंग और सीट अलॉटमेंट जारी रहेगा। इसे लेकर चिकित्सा शिक्षा विभाग ने आधिकारिक प्रेस नोट जारी किया है।
दरअसल, सुमेध दुबे बनाम छत्तीसगढ़ राज्य प्रकरण में दिए गए फैसले के खिलाफ राज्य शासन ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर की है, जो फिलहाल विचाराधीन है। वहीं इससे जुड़े एक अन्य मामले प्रभाकर चंद्रवंशी बनाम छत्तीसगढ़ राज्य में सुनवाई छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट, बिलासपुर में चल रही है और अगली सुनवाई मार्च 2026 में तय है।
इसी बीच मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित काउंसलिंग टाइम-लाइन और अभ्यर्थियों के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने यह फैसला लिया है कि PG मेडिकल 2025 के लिए राज्य कोटा की पीजी सीटों पर प्रथम चरण का अलॉटमेंट जारी किया जाएगा।
हालांकि, प्रेस नोट में यह भी साफ किया गया है कि मौजूदा काउंसलिंग प्रक्रिया और इसके अंतर्गत किए गए सभी अलॉटमेंट कोर्ट के अंतिम फैसले के अधीन रहेंगे। यानी आगे न्यायालय के निर्णय के अनुसार स्थिति में बदलाव संभव है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने उम्मीदवारों और हितधारकों को सलाह दी है कि वे राज्य काउंसलिंग समिति द्वारा समय-समय पर जारी होने वाली आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और अपडेट बने रहें।

