CG NEWS कवर्धा: धान तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया है। रेंगाखर क्षेत्र में ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार प्रेमनारायण साहू को एक पिकअप और मासदा वाहन में भरा धान सीमावर्ती क्षेत्र पार कराते हुए पकड़ा। ग्रामीणों ने घटनास्थल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। हालांकि वायरल वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने लगाया अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि आधी रात प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से कई क्विंटल अवैध धान मध्यप्रदेश से कवर्धा जिले में लाया जा रहा था। सीमावर्ती क्षेत्रों में धान तस्करी रोकने के लिए बेरिकेड और कर्मचारियों की तैनाती की गई है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि रेंगाखर बेरिकेड पर अधिकांश समय कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं रहता, जिससे तस्करों को आसानी मिलती है।
ग्रामीणों के अनुसार, प्रशासनिक लापरवाही और कथित भ्रष्टाचार के कारण सिस्टम धान तस्करी रोकने में विफल साबित हो रहा है। उनका आरोप है कि कुछ अधिकारी और कर्मचारी राज्य सरकार को नुकसान पहुंचाते हुए अवैध कारोबार का संरक्षण दे रहे हैं।
प्रशासन ने शुरू की जाँच
मामले के वीडियो और ग्रामीणों के आरोपों को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संबंधित अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है।
