CG News: बिलासपुर। उसलापुर रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसे में लोको पायलट अनंत कुमार (38) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। उनका शव ट्रेनिंग सेंटर के सामने डाउन लाइन पर मिला। मौके पर पहुंचे साथियों ने शव की पहचान की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे रेलवे कर्मचारियों ने डाउन लाइन पर एक युवक का शव देखा। युवक ने हाफ पैंट और टी-शर्ट पहन रखी थी। सूचना मिलने पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल भेजा गया।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। इस बीच कुछ लोको पायलट अपने साथी अनंत कुमार से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन फोन नहीं लग रहा था। जब वे स्टेशन पहुंचे, तो आरपीएफ द्वारा दिखाए गए फोटो से उन्होंने शव की पहचान अनंत कुमार के रूप में की। जीआरपी ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

