CG Juvenile Homes Murder: Four juveniles escape after killing a guard!
CG JUVENILE HOMES MURDER: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के नूतन चौक में बाल संप्रेक्षण गृह के भीतर चौकीदार की हत्या कर दी गई है।
आरोप है कि, चार बाल अपचारियों ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की, फिर उसके हाथ-पैर बांधकर गला दबा दिया और मुंह में गमछा ठूंस दिया। वारदात के बाद चारों बाल अपचारी मौके से फरार हो गए।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर साक्ष्य जुटा रही है।
सरकंडा थाना क्षेत्र के बाल संप्रेक्षण गृह में तखतपुर थाना क्षेत्र निवासी नरेंद्र कुमार खाण्डे (42) सहायक सह रात्रि चौकीदार के रूप में ड्यूटी पर थे। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि नरेंद्र कुमार खाण्डे के हाथ-पैर गमछे से बांध दिए गए थे। इसके बाद उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई।
परिजनों का यह भी कहना है कि उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया था। उन्होंने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक इनमें तीन नाबालिग रायगढ़ जिले और एक कोरबा जिले का रहने वाला है।
सभी गंभीर अपराधों के मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध थे। आरोप है कि वारदात के बाद चारों वहां से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में अलग-अलग टीमें लगाकर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। फरार चारों बाल अपचारियों की तलाश जारी है।
