CG CRIME: Learned brutality from Savdhaan India, committed 3 murders with cyanide in the guise of a Tantrik.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सावधान इंडिया शो से हत्या का तरीका सीखकर एक व्यक्ति ने तीन लोगों की जान ले ली। आरोपी सुखवंत, जो खुद को तांत्रिक बताता था, ने ऑनलाइन साइनाइड मंगवाकर बड़ी चालाकी से वारदातों को अंजाम दिया।
साइनाइड से की हत्याएं
दुर्ग निवासी सुखवंत कम्प्यूटर और फोटोकॉपी की दुकान चलाता था। उसने सावधान इंडिया का एक एपिसोड देखकर जाना कि साइनाइड से हत्या करने पर पोस्टमार्टम में हार्ट अटैक की वजह सामने आती है और जहर का पता नहीं चलता। इसके बाद उसने ऑनलाइन साइनाइड मंगवाया और तांत्रिक पूजा के नाम पर दो लोगों को गंगाजल में मिलाकर पिला दिया।
तांत्रिक के झांसे में आए लोग
सुखवंत खुद को तांत्रिक बताकर लोगों को मंत्रों से पैसे की बारिश कराने का झांसा देता था। उसने दो लोगों से डेढ़-डेढ़ लाख रुपये ऐंठे और जब वे लोग अपने पैसे वापस मांगने लगे, तब उसने साइनाइड का इस्तेमाल कर उनकी हत्या कर दी।
धमतरी में तीसरी हत्या से खुला राज
3 दिसंबर 2024 को धमतरी के रुद्री थाना इलाके में एक लावारिस बाइक मिली। तीन दिन बाद वहां से कुछ दूरी पर वीरेंद्र देवांगन की लाश बरामद हुई। साइबर टीम ने मृतक के कॉल डिटेल्स खंगाले, जिसमें सुखवंत का नंबर मिला। अभनपुर पुलिस पहले ही सुखवंत से पूछताछ कर चुकी थी, लेकिन उसे छोड़ दिया गया था। धमतरी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और सात दिन की रिमांड पर पूछताछ की।
आरोपी ने किए गुनाह कबूल
पूछताछ के दौरान सुखवंत ने तीनों हत्याओं को कबूल किया। उसने बताया कि उसने साइनाइड का इस्तेमाल सावधान इंडिया शो से सीखा था।
पीड़ित परिवार ने मांगी फांसी की सजा
अभनपुर के मृतक नरेंद्र साहू की पत्नी तारनी साहू ने आरोपी सुखवंत के लिए फांसी की सजा की मांग की है। उनका कहना है कि नरेंद्र परिवार का इकलौता कमाने वाला था और उसकी मौत से पूरा परिवार बिखर गया है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस खौफनाक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।

