CG CONGRESS: Do not make complaints against senior leaders under any circumstances – PCC Chief Badge
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद दीपक बैज रविवार को पार्टी प्रवक्ताओं के साथ बैठक ली। बैठक में उन्होंने साफ तौर पर कहा कि सीनियर नेताओं के खिलाफ शिकवा-शिकायतें किसी भी दशा में न करें। वो खुद भी इस तरह की शिकायतें नहीं सुनेंगे। बैज ने कहा कि संगठन, और सरकार में किसी तरह का कोई मतभेद है, ऐसा मैसेज नहीं जाना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष, और सांसद बैज आज राजीव भवन में पार्टी प्रवक्ताओं, और मीडिया पैनलिस्ट से रूबरू हुए। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी से परिचय लिया। इसके बाद कामकाज पर चर्चा हुई। यह बात उभरकर सामने आई, कि नियमित होने वाली जूम मीटिंग पिछले कुछ समय से बंद है। इस पर बैज ने कहा कि चुनाव आ चुके हैं। इसलिए प्रवक्ताओं की रोज बैठक होनी चाहिए।
सांसद बैज ने आगे कहा कि प्रवक्ता पूरी तैयारी के साथ ही टीवी डिबेट में जाएं। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों की कम जानकारी है या नहीं है, ऐसे डिबेट में हिस्सा न ले। अन्य सहयोगियों को जिम्मेदारी दें। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आपसी चर्चा में भी पार्टी नेताओं के खिलाफ टिप्पणी न करें। पार्टी का पूरी मजबूती के साथ रखा जाना चाहिए।
बैज ने संचार विभाग में फेरबदल की मंशा जताई, और कहा कि बैठक में मौजूद सदस्यों के अलावा बाहर भी ऐसे लोग हैं जो कि अच्छे वक्ता हैं। उन्हें भी मौका मिलना चाहिए। बैठक में सीएम के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा ने भी सुझाव दिए। बैठक में संचार विभाग के चेयरमैन सुशील आनंद शुक्ला, धनंजय सिंह ठाकुर सहित तमाम संचार विभाग के तमाम सदस्य मौजूद थे।

