CG CONGRESS BREAKING : Big blow to Congress, royal family left the party…
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। 2023 की हार के बाद से लगातार बड़े नेताओं के इस्तीफे झेल रही पार्टी को एक और झटका लगा है। खैरागढ़ राजपरिवार के सदस्य और कांग्रेस प्रदेश सचिव भवानी बहादुर सिंह ने अपने जन्मदिन के दिन ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
भवानी बहादुर सिंह ने अपने इस्तीफे में निजी कारण बताया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि संगठन में उपेक्षा और पूछपरख की कमी से वे व्यथित थे। उनका इस्तीफा पार्टी के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है, क्योंकि उनके परिवार का कांग्रेस से गहरा नाता रहा है।
राजनीति में मजबूत विरासत
भवानी बहादुर सिंह के पिता शिवेंद्र बहादुर सिंह राजनांदगांव से दबंग सांसद रहे और पूर्व पीएम राजीव गांधी के करीबी माने जाते थे। उनके बुलावे पर इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने लोकसभा क्षेत्र में प्रचार किया था। वहीं, उनकी माता गीता देवी सिंह जोगी सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री रहीं और छत्तीसगढ़ की पहली महिला बाल विकास मंत्री बनीं।
भवानी बहादुर सिंह का इस्तीफा न केवल कांग्रेस संगठन के लिए बड़ा झटका है बल्कि आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में नई हलचल भी ला सकता है।

