CG BREAKING: कोरिया। कोरिया जिले के सोनहत जनपद पंचायत से बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। स्कूल परिसर में आयोजित नाचा कार्यक्रम के दौरान नोट उड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में जनपद पंचायत ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में रोजगार सहायक जिंदर साय सोनवानी को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो सामने आने के बाद जनपद पंचायत द्वारा पूरे मामले की जांच की गई। जांच में यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के तहत गंभीर कदाचरण की श्रेणी में पाया गया। इसके बाद संबंधित रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
हालांकि, नोटिस के जवाब को प्रशासन ने संतोषजनक नहीं माना। जवाब से असंतुष्ट होकर जनपद पंचायत ने सख्त निर्णय लेते हुए सेवा से पृथक करने का आदेश जारी कर दिया।
इस कार्रवाई के बाद पंचायत महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शैक्षणिक परिसरों और सरकारी जिम्मेदारियों की गरिमा से समझौता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

