CG BIG ACCIDENT: 3 dead, 3 injured due to electric shock during Kabaddi match
रायपुर/केशकाल। छत्तीसगढ़ के केशकाल विधानसभा क्षेत्र के विश्रामपुरी थाना अंतर्गत ग्राम रावसवाही में शनिवार देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। रात करीब 9:30 बजे चल रहे कबड्डी मैच के दौरान अचानक आए तेज़ आंधी-तूफान ने बड़ा हादसा कर दिया। टेंट 11 केव्ही हाई वोल्टेज बिजली लाइन से टकरा गया, जिसकी चपेट में आने से 6 लोग करंट से झुलस गए।
इस हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का विश्रामपुरी अस्पताल में इलाज जारी है, जिनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मृतकों में सतीश कुमार पिता रतन नेताम (24) भी शामिल है, जो अपने बूढ़े मां-बाप का इकलौता बेटा था और कबड्डी टीम का होनहार खिलाड़ी व लीडर माना जाता था। एक मृतक के भाई ने इस हादसे के लिए आयोजन समिति को जिम्मेदार ठहराया है।
जिला पंचायत सदस्य रामचरण शोरी ने सरकार से मृतकों के परिजनों और घायलों को मुआवजा देने की मांग की है।
अस्पताल प्रशासन का बयान
बीएमओ डॉ. भारती ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 3 युवकों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया, जबकि 3 घायलों का प्राथमिक उपचार जारी है। उन्हें जल्द ही हायर सेंटर रेफर किया जाएगा।
पुलिस की कार्रवाई
केशकाल एसडीओपी अरुण नेताम ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही विश्रामपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हादसा लापरवाही से हुआ या प्राकृतिक कारणों से, जांच के बाद स्थिति साफ होगी।

