Breaking News: Massive fire in residential apartment, challenge for fire fighters in narrow streets
बिलासपुर।शहर के मंगला क्षेत्र स्थित गजमोहिनी अपार्टमेंट में रविवार सुबह करीब 5 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग अपार्टमेंट के निचले हिस्से में लगी, जिसके बाद पूरे परिसर में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। अपार्टमेंट में कुल 48 फ्लैट बताए जा रहे हैं, हालांकि वर्तमान में कितने परिवार वहां निवास कर रहे हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
रिहायशी अपार्टमेंट में चल रहा था गोदाम
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रिहायशी अपार्टमेंट का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रॉनिक सामान का बड़ा गोदाम संचालित हो रहा था। आग में लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गया।
नगर निगम कमिश्नर ने कहा की रिहायशी अपार्टमेंट में गोदाम चलाना नियम विरुद्ध है। संचालकों से दस्तावेज मांगे जाएंगे और नियम उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहर के सभी अपार्टमेंट का सर्वे कराने की भी बात कही, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
संकरे रास्ते ने बढ़ाई मुश्किल
फायर अधिकारियों के मुताबिक, गोदाम काफी बड़ा था और अंदर जाने का रास्ता संकरा होने के कारण राहत कार्य में दिक्कत आई। घना धुआं और तेज गर्मी के चलते दमकल कर्मियों को दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने की कोशिश करनी पड़ी। फिलहाल आग पर लगभग काबू पा लिया गया है और पूरी तरह नियंत्रण की प्रक्रिया जारी है।
प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

