BREAKING: Former RPSC member, topper daughter and son arrested, huge action in SI paper leak
राजस्थान सब इंस्टपेक्टर परीक्षा 2021 के पेपर लीक मामले में एसओजी ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के पूर्व सदस्य रामू राम राईका को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है. इसके अलावा रायका के बेटा-बेटी सहित पांच प्रशिक्षु थानेदारों को भी अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों को रविवार को न्यायाधीश के समक्ष पेश किया, जहां से पांचों को 7 सितंबर तक एसओजी की रिमांड पर सौंपा गया है.
पेपर लीक आरोप में बेटा-बेटी गिरफ्तार
दोनों बेटा-बेटी समेत पिता रामू राम रायका को पेपर आउट करने के आरोप में एसओजी ने गिरफ़्तारी की है. बता दें कि रामू राम रायका की बेटी इस परीक्षा में 6वें स्थान पर टॉपर रही थीं. पुलिस ने दोनों बेटा-बेटी समेत पिता रामू राम रायका को पेपर लीक करने के आरोप में अरेस्ट कर लिया है. अब एसओजी तीनों से पूछताछ करेगी जिसके बाद ही पेपर लीक के सारे राज खुलने की संभावना है.
2021 में हुई थी राजस्थान पुलिस एसआई की भर्ती परीक्षा
जानकारी के मुताबिक, एसआई भर्ती-2021 प्रकरण में एसओजी ने पूर्व में कई ट्रेनी फर्जी थानेदारों को गिरफ्तार किया था. जिनसे पूछताछ में एसओजी को कई अहम इनपुट मिले थे. इसमें सामने आया कि इस फर्जीवाड़े से जुड़े और भी कई सब इंस्पेक्टर हैं, जो आरपीए में ट्रेनिंग ले रहे हैं. उन्होंने परीक्षा में अपनी जगह डमी कैंडिडेट बैठाए थे.
डमी परीक्षा से पकड़ में आए थे फर्जी तरीके से भर्ती हुए SI
इसके बाद, एसओजी की टीम ने अप्रैल 2024 में राजस्थान पुलिस एकेडमी में छापेमारी करते हुए करीब 15 ट्रेनी एसआई को हिरासत में लिया था. एसओजी के अधिकारियों ने डमी परीक्षा लेकर असली परीक्षा पास कर चुके ट्रेनी एसआई से पेपर हल करवाए थे. हालांकि, डमी पेपर में भी वही सवाल थे, जो एसआई भर्ती 2021 के पेपर में आए थे. फिर भी 17 ट्रेनी एसआई पेपर हल नहीं कर सके थे. इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच में तेजी कर दी थी.
15 आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी, 5 ट्रेनी फिर हिरासत में
एसओजी ने परीक्षा के पेपर लीक मामले में उसी वक्त आरोपियों को हिरासत में ले लिया था. 17 ट्रेनी में से 2 को बाद में छोड़ दिया गया था. मगर, 15 की गिरफ्तारी हो गई थी. हाल ही में राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की पकड़ में पांच ट्रेनी आए हैं, इसमें सब इंस्पेक्टर में तीन पुरुष और दो महिला ट्रेनी SI शामिल हैं. बता दें कि सब इंस्पेक्टर भर्ती-2021 परीक्षा में एसओजी के खुलासे के बाद प्रदेश भर के युवा इस भर्ती को रद्द करने की मांग कर रहे हैं.

