CP RADHAKRISHNAN : CP Radhakrishnan is famous as ‘Modi of Tamil Nadu’, know interesting facts about him…
नई दिल्ली। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार भाजपा ने अपने उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि पार्टी ने तमिलनाडु के वरिष्ठ नेता और दो बार के सांसद सीपी राधाकृष्णन को एनडीए का उपराष्ट्रपति प्रत्याशी बनाया है।
सीपी राधाकृष्णन किशोरावस्था से ही आरएसएस और जनसंघ से जुड़े रहे हैं। 16 साल की उम्र में आरएसएस स्वयंसेवक के रूप में कार्य शुरू किया और 1974 में भारतीय जनसंघ की राज्य कार्यकारिणी समिति के सदस्य बने। भाजपा में उन्होंने लगातार संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभालीं और 1998 में कोयंबटूर से पहली बार लोकसभा पहुंचे। 1999 में वे दोबारा सांसद बने।
‘तमिलनाडु के मोदी’ और रथयात्रा
उनके समर्थक उन्हें ‘तमिलनाडु का मोदी’ कहते हैं। भाजपा अध्यक्ष रहते हुए 2004 से 2007 के बीच उन्होंने 19 हजार किलोमीटर की रथयात्रा निकाली थी, जो 93 दिनों तक चली। इस यात्रा का उद्देश्य भारतीय नदियों को जोड़ना, आतंकवाद उन्मूलन, समान नागरिक संहिता लागू करना और नशामुक्त समाज बनाना था। इसके अलावा उन्होंने दो और पदयात्राएं भी कीं।
विभिन्न क्षेत्रों में योगदान
सीपी राधाकृष्णन न केवल राजनीति बल्कि सामाजिक और आर्थिक क्षेत्रों में भी सक्रिय रहे। वे कोच्चि स्थित क्वायर बोर्ड के अध्यक्ष रहे और उनके कार्यकाल में भारत से नारियल जूट का निर्यात 2,532 करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा। 2020 से 2022 तक वे केरल भाजपा के प्रभारी भी रहे।
जेपी नड्डा ने बताया कि राधाकृष्णन ने विभिन्न राज्यों में टीबी उन्मूलन अभियान में भी अहम योगदान दिया है। खेलों में भी वे सक्रिय रहे हैं। कॉलेज समय में वे टेबल टेनिस चैंपियन और लंबी दूरी के धावक रहे। उन्हें क्रिकेट और वॉलीबॉल का भी शौक है।
कहा जाता है कि 2004 में द्रमुक द्वारा राजग से नाता तोड़ने के बाद तमिलनाडु में भाजपा के लिए नया गठबंधन बनाने में उनकी प्रमुख भूमिका रही।

