BILASPUR NEWS: Advocate Anurag Bajpai elected President of the District Bar Association!
BILASPUR NEWS: बिलासपुर जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में अधिवक्ता अनुराग बाजपेयी अध्यक्ष चुने गए हैं। उन्होंने 380 वोटों से जीत हासिल की। वहीं धनंजय सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष और विवेक पांडेय सचिव पद पर निर्वाचित हुए।
शनिवार, 26 जुलाई को हुए मतदान में 2446 रजिस्टर्ड वोटर्स में से 1819 वकीलों ने वोट डाले। इससे पहले शुक्रवार को 17 वकीलों ने डाक मतपत्र से मतदान किया था। मतदान के बाद सुरक्षा के लिए मतपेटियों को सिविल लाइन थाना में रखा गया था।
बिलासपुर जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में निर्वाचित पदाधिकारी और उनके समर्थक जिला कोर्ट में जश्न मनाते हुए।
रविवार सुबह प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मतपेटियों को मतगणना स्थल जिला कोर्ट लाया गया, जहां वोटों की गिनती हुई। देर शाम तक चली मतगणना के बाद सभी प्रमुख पदों के परिणाम घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद पर अनुराग बाजपेयी ने 380 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। इस पद के लिए अनुराग बाजपेयी, चंद्रशेखर बाजपेयी, संदीप कुमार द्विवेदी और टी.आर. निराला मैदान में थे।
जीत की घोषणा होते ही जिला न्यायालय परिसर में जश्न का माहौल बन गया। वकीलों और समर्थकों ने रंग-गुलाल उड़ाकर और फूल-मालाएं पहनाकर अनुराग बाजपेयी का जोरदार स्वागत किया।
