BHUPEN BORA : Former Congress President Bhupen Bora joins BJP
गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव 2026 से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP निर्णय लिया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को भूपेन बोरा के घर जाकर मुलाकात की और मीडिया को बताया कि बोरा 22 फरवरी को बीजेपी में औपचारिक रूप से शामिल होंगे।
भूपेन बोरा कांग्रेस में 32 साल तक जुड़े रहे और संगठनात्मक राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले नेता माने जाते हैं। उन्होंने 2021 से 2025 तक असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में पार्टी को दोबारा खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पदयात्राओं का नेतृत्व किया और हिमंत सरकार के खिलाफ़ सक्रिय विपक्षी भूमिका निभाई।
भूपेन बोरा के बीजेपी में शामिल होने से कांग्रेस की रणनीति को असम में बड़ा झटका लगेगा। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि भूपेन बोरा के लिए बीजेपी में शामिल होना “घर वापसी” जैसा है और उन्हें पूरा सम्मान और गरिमा दी जाएगी। उनके साथ गुवाहाटी और उत्तर लखीमपुर में कई कांग्रेस नेता भी बीजेपी में शामिल होंगे।
विशेषज्ञों का कहना है कि भूपेन बोरा की कांग्रेस से बीजेपी में छलांग से असम में चुनावी समीकरण बदल सकते हैं, खासकर हिंदू और जमीन से जुड़े मतदाताओं के बीच। कांग्रेस आलाकमान के प्रयासों के बावजूद प्रियंका गांधी के दो दिवसीय दौरे से पहले पार्टी संगठन में जो माहौल बनाने की कोशिश थी, उसे यह इस्तीफा काफी हद तक प्रभावित करेगा।
भूपेन बोरा असम के लखीमपुर से ताल्लुक रखते हैं और 2006 से 2016 तक विधानसभा सदस्य रहे। उन्हें आक्रामक और जमीन से जुड़े नेता के रूप में जाना जाता है। उनके बीजेपी में शामिल होने से असम चुनाव में सियासी रंग और भी गर्म होने की संभावना है।

