CHHATTISGARH : Is the pond being encroached upon by the ash? Villagers expose the truth!
बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत भिलाई में ऐतिहासिक ‘चूना खदान’ निस्तारी तालाब पर राखड़ भराव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना पंचायत प्रस्ताव और प्रशासनिक अनुमति के तालाब और आसपास की जमीन पर फ्लाई ऐश डाली जा रही है। इससे गांव के लोगों और मवेशियों के सामने पानी का संकट खड़ा हो सकता है।
निजी जमीन की आड़ में सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप
ग्रामीणों के मुताबिक, खसरा नंबर 9/1 की करीब 1.164 हेक्टेयर निजी जमीन की आड़ में खसरा नंबर 227 और 229 की लगभग तीन एकड़ शासकीय भूमि पर भी राखड़ डाला जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि उन्हें जानकारी दिए बिना यह काम कराया जा रहा है।
यह तालाब ग्रामीणों के निस्तार और मवेशियों के लिए पानी का प्रमुख स्रोत है। यहां मनरेगा के तहत गहरीकरण और सौंदर्यीकरण का काम भी कराया जा चुका है।
NTPC और ट्रांसपोर्टरों पर गंभीर आरोप
ग्रामीणों ने NTPC सीपत के राखड़ प्रबंधन, ट्रांसपोर्टरों और स्थानीय भू-माफियाओं की मिलीभगत का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि राखड़ परिवहन में फर्जी बिल्टी, नंबर प्लेट, GPS और फास्टैग के दुरुपयोग से जुड़े मामले भी सामने आ रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने तहसीलदार मस्तूरी से शिकायत कर जांच की मांग की है। अब कलेक्टर जनदर्शन और SDM के सामने भी मामला उठाने की तैयारी है। उनकी मांग है कि अवैध भराव रोका जाए, जमीन की जांच हो और तालाब को उसके पुराने स्वरूप में लौटाया जाए।


