ARUN SAO INSPECTION : Arun Sao went out on a scooter and suddenly reached here.
अंबिकापुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को स्कूटी से अंबिकापुर शहर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्यों और नागरिक सुविधाओं की जमीनी स्थिति देखी। इस दौरान केरसु तालाब की सफाई व्यवस्था में कमी मिलने पर अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
493 आवासों का लिया जायजा
साव सुभाष नगर पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बने 493 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे बातचीत कर सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों को आवंटित आवासों में हितग्राहियों का निवास सुनिश्चित करने और परिसर की साफ-सफाई व बाकी काम जल्द पूरा कराने को कहा।
SLRM सेंटर में देखी व्यवस्था
डीसी रोड स्थित SLRM सेंटर पहुंचकर उप मुख्यमंत्री ने कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण और प्रसंस्करण की व्यवस्था देखी। उन्होंने अंबिकापुर के कचरा प्रबंधन मॉडल की सराहना करते हुए करीब 480 स्वच्छता दीदियों के काम की तारीफ की।
सड़क और सफाई पर फोकस
शहर भ्रमण के दौरान साव ने अधिकारियों को नियमित सफाई और उसकी मॉनिटरिंग मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण और मरम्मत के काम जल्द शुरू कराने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि शहर की व्यवस्था का असर सीधे आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ता है, इसलिए लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर मंजूषा भगत, कलेक्टर अजीत वसंत, एसपी राजेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
