चारधाम यात्रा को लेकर अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उत्तराखंड के मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Date:

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

देहरादून। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही बुधवार से प्रारंभ होने जा रही चारधाम यात्रा पर शासन संजीदगी से नजर बनाए हुए है। इसी कड़ी में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में चारधाम यात्रा की तैयारियों को परखा। साथ ही निर्देश दिए कि उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को शीर्ष प्राथमिकता पर रखा जाए। तीर्थयात्रियों की सुरक्षित व सुखद यात्रा और सकुशल वापसी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंंने गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की यात्रा के लिए उत्तरकाशी के जिलाधिकारी को शुभकामनाएं भी दीं।

यात्रा मार्गों पर ओवररेटिंग पर रखी जाएगी निगरानी

मुख्य सचिव ने चारधाम यात्रा मार्गों पर सब्जी, राशन, गैस समेत आवश्यक सामग्री की आपूर्ति करने वाले वाहनों को प्राथमिकता देने की जरूरत बताई। साथ ही यात्रा मार्गों पर ओवररेटिंग पर निगरानी रखने और इसके लिए तंत्र बढ़ाने को कहा।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या के लिए मंडलायुक्त और आइजी एकल संपर्क बिंदु होंगे। उन्होंने चारों धामों में स्वास्थ्य सुविधा की तैयारियों की जानकारी भी स्वास्थ्य सचिव से ली। उन्होंने केदारनाथ में नवनिर्मित अस्पताल को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जिलाधिकारियों से ज्यादा से ज्यादा यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।

स्वास्थ्य परीक्षण के लिए किया जाएगा जागरुक

उन्होंने कहा कि जहां भी श्रद्धालु वाहन से उतरते हैं, वहां स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जागरूकता संदेश प्रसारित किया जाए, ताकि अधिकाधिक यात्री स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। ऐसे स्थलों पर हेामगार्ड व पीआरडी जवानों की संख्या अधिक रखने को भी उन्होंने कहा। मुख्य सचिव ने सड़कों की स्थिति की जानकारी भी लोनिवि सचिव से ली।

इस अवसर पर उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डा मेहरबान सिंह बिष्ट ने अवगत कराया कि गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की यात्रा के दृष्टिगत यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई है। इस क्रम में शौचालय, पार्किंग व यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ किया गया है। यात्रियों और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रमुख मार्गों को सुगम व सुरक्षित बनाने का प्रयास किया गया है।

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी डा सौरभ गहरवार व चमोली के जिलाधिकारी डा संदीप तिवारी ने भी यात्रा की तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में एडीजी डा वी मुरुगेशन, सचिव डा आर राजेश कुमार, डा पंकज पांडेय, अपर सचिव रीना जोशी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related