रायपुर। यात्रियों के लिए खुशखबरी — 26 अक्टूबर से रायपुर और दिल्ली के बीच हवाई यात्रा और सुविधाजनक होने जा रही है। इस दिन से एयर इंडिया और इंडिगो दोनों एयरलाइंस नई उड़ानों की शुरुआत करेंगी।
एयर इंडिया की नई फ्लाइट संख्या AI-2635 दिल्ली से दोपहर 12:10 बजे रवाना होकर रायपुर 2:05 बजे पहुंचेगी। वापसी में AI-2636 रायपुर से 2:35 बजे उड़ान भरेगी और 4:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इस नई सेवा के साथ एयर इंडिया की रायपुर-दिल्ली के लिए तीन उड़ानें प्रतिदिन उपलब्ध होंगी। वर्तमान में एयर इंडिया की दो उड़ानें सुबह और शाम संचालित की जा रही हैं।
वहीं, इंडिगो एयरलाइंस भी 26 अक्टूबर से एक नई फ्लाइट शुरू कर रही है। उड़ान संख्या 6E2120 दिल्ली से सुबह 10:15 बजे रवाना होकर रायपुर 12:15 बजे पहुंचेगी। वापसी में 6E6640 रायपुर से 12:45 बजे उड़ान भरकर दिल्ली 2:45 बजे पहुंचेगी।
नई उड़ान के जुड़ने से इंडिगो की रायपुर-दिल्ली रूट पर कुल पांच उड़ानें प्रतिदिन हो जाएंगी ।
इस प्रकार, 26 अक्टूबर से दिल्ली-रायपुर-दिल्ली सेक्टर में कुल आठ उड़ानों का विकल्प यात्रियों को मिलेगा, जिससे राजधानी रायपुर और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बीच हवाई कनेक्टिविटी पहले से कहीं अधिक सशक्त होगी।
