CG Budget 2026-2027: Budget preparations intensify; deliberations to begin on December 21
CG BUDGET 2026-2027: छत्तीसगढ़ में वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट की तैयारियां को लेकर सभी विभागों के लिए दिशा-निर्देश जारी करते हुए सचिव एवं विभागाध्यक्ष स्तरीय संयुक्त बजट चर्चा का कार्यक्रम निर्धारित किया है।
इसके तहत 21 दिसंबर से 30 दिसंबर 2026 तक मंत्रालय महानदी भवन में विभागवार बजट पर चर्चा होगी।
वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव की ओर से जारी पत्र के अनुसार, सभी विभागों को वर्ष 2026-27 के पुनरीक्षित अनुमान और वर्ष 2027-28 के बजट अनुमान के प्रस्ताव 20 नवंबर 2026 तक हार्डकॉपी और सॉफ्टकॉपी में वित्त विभाग को भेजने होंगे।
साथ ही IFMIS पोर्टल पर बजट प्रस्तावों की ऑनलाइन प्रविष्टि भी अनिवार्य की गई है।
विभागों को नई योजनाओं और नए कार्यों के प्रस्ताव विभागीय प्राथमिकता के क्रम में प्रस्तुत करने होंगे। नए पदों के सृजन, भर्ती की सहमति, दैनिक वेतनभोगी एवं कार्यभारित कर्मचारियों की स्थिति, नए वाहनों की खरीद, वाहन किराये, हितग्राहीमूलक योजनाओं और विभागों के अधीन निगम-मंडल एवं स्वायत्तशासी संस्थाओं की वित्तीय स्थिति का विवरण भी देना होगा।
वित्त विभाग ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि मांगी गई जानकारियां संलग्न PPT प्रारूप में 10 दिसंबर 2026 से पहले अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।
बजट चर्चा के दौरान नवीन मदों के प्रस्तावों की सूची भी विभागीय प्राथमिकता के अनुसार प्रस्तुत करनी होगी। हालांकि, नए मदों के प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय मंत्रीस्तरीय चर्चा में लिया जाएगा। वित्त विभाग ने यह भी कहा है कि जिन योजनाओं के लक्ष्यों में दोहराव है, उन्हें एकीकृत कर योजनाओं की संख्या सीमित की जाए।


