CG Congress: Congress to conduct a confidential survey for 17 local body elections
CG CONGRESS: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की आहट के साथ ही कांग्रेस ने प्रदेश के 17 नगरीय निकायों में होने वाले चुनाव को लेकर पार्टी गोपनीय सर्वे कराने की तैयारी में है।
इसका मुख्य उद्देश्य ऐसे उम्मीदवारों की तलाश करना है, जिनमें चुनाव जीतने की क्षमता हो और जो अपने वार्ड में पार्टी को मजबूत स्थिति में ला सकें।
सर्वे रिपोर्ट के आधार पर संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार की जाएगी और टिकट वितरण में इसे महत्वपूर्ण आधार बनाया जा सकता है।
दरअसल, चुनाव की सुगबुगाहट के साथ ही कांग्रेस संगठन केवल पदाधिकारियों की सिफारिश या बड़े नेताओं के प्रभाव के आधार पर टिकट देने के बजाय जमीनी स्थिति का आकलन करना चाहता है।
कांग्रेस के प्रस्तावित सर्वे में संभावित उम्मीदवारों की स्थानीय स्तर पर पकड़, आम लोगों के बीच उनकी छवि, सामाजिक समीकरण, पिछले चुनाव का प्रदर्शन और संगठन में सक्रियता जैसे पहलुओं को शामिल किया जा सकता है।
इसके जरिए यह जानने की कोशिश होगी कि किस वार्ड में कौन सा चेहरा विपक्षी उम्मीदवार को चुनौती देने की स्थिति में है।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, दिसंबर के अंत तक नगरपालिका आम निर्वाचन के तहत कुल 417 पदों के लिए चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें भिलाई, भिलाई-चरोदा, रिसाली और बिरगांव नगर निगम के महापौर पद, 13 नगरपालिका अध्यक्ष और 400 पार्षद पद शामिल हैं।
इसके अलावा उपचुनाव के तहत एक अध्यक्ष और छह पार्षद पदों पर भी निर्वाचन होना है। वहीं, त्रिस्तरीय पंचायतों के अंतर्गत 814 पदों के लिए चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें जनपद पंचायत सदस्य का एक, सरपंच के 92 और पंच के 721 पद शामिल हैं। इतने बड़े चुनावी दायरे को देखते हुए राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।


