CG RAILWAY NEWS: Railway guard himself turns out to be the thief who stole copper wire worth 3 lakhs
CG RAILWAY NEWS: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रेलवे का सुरक्षा गार्ड ही कॉपर वायर चोरी के मामले में आरोपी निकला। बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहला मामला घुड़देवा में करीब 3 लाख रुपए कीमत के रेलवे कॉपर वायर की चोरी से जुड़ा है।
पुलिस के मुताबिक, 30 और 31 अक्टूबर की दरमियानी रात गेवरा से पेंड्रा रोड जाने वाली नई रेलवे लाइन परियोजना के घुड़देवा क्षेत्र से 300 मीटर OHE कॉपर कैटेनरी वायर चोरी हो गया था। इसकी कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई। इस मामले की 31 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी का तार सिद्ध कबाड़ी के पास बेचा गया है। पूछताछ में सिद्ध कुमार बघेल ने बताया कि उसने गुलशन बर्मन और गिरीलाल पटले से चोरी का माल खरीदा था और उसे किरण कबाड़ी दुकान के आकाश साहू को बेच दिया था।
दूसरा मामला SECL की सिंघाली खदान का है। शिकायत के मुताबिक, प्रार्थी अपने साथियों के साथ खदान की वर्कशॉप में ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे सोना उर्फ वीरेंद्र, परमेश्वर, तखत और विजय कथित तौर पर चोरी की नीयत से प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस गए।
आरोप है कि वहां उन्होंने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, पत्थरबाजी की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में वीरेंद्र कुमार पटले उर्फ सोना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


