PLANE COLLISION: Two aircraft collide at airport; 2 people injured
PLANE COLLISION : अमेरिका के मियामी एयरपोर्ट पर शनिवार रात कोपा एयरलाइंस के यात्री विमान और UPS के कार्गो विमान के बीच टक्कर हो गई।
इस हादसे में यात्री विमान में सवार दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्री विमान का पंख टूट गया, जबकि कार्गो विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 9:15 बजे पनामा सिटी से आया कोपा एयरलाइंस का यात्री विमान एयरपोर्ट पर टैक्सीवे से गुजर रहा था।
इसी दौरान उसका पंख UPS के कार्गो विमान के अगले हिस्से से टकरा गया। UPS का विमान कोलंबिया के बोगोटा के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था।
टक्कर के तुरंत बाद कोपा एयरलाइंस के पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी।
पायलट ने बताया कि- ‘किसी दूसरे विमान ने उनके विमान को टक्कर मार दी है। इसके बाद कंट्रोल टावर ने UPS के पायलट से हादसे के बारे में पूछा।’
एयर ट्रैफिक कंट्रोल के सवाल पर UPS के पायलट ने टक्कर की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि- ‘उनका विमान थोड़ा आगे निकल गया था, जिसके बाद दूसरे विमान का पंख उनके विमान से टकरा गया। कुछ देर बाद कोपा एयरलाइंस के पायलट ने भी बताया कि उनके विमान का बायां पंख क्षतिग्रस्त हो गया है।’
रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के समय यात्री विमान में मौजूद सीजर फरेरा ने बताया कि विमान सामान्य रफ्तार से एयरपोर्ट पर आगे बढ़ रहा था। तभी अचानक यात्रियों के बीच शोर सुनाई देने लगा। इसके बाद लोगों की चीखें सुनाई दीं और विमान को जोरदार झटका लगा।
उन्होंने बताया कि – ‘टक्कर लगते ही विमान अचानक एक तरफ मुड़ गया। इससे कई यात्री घबरा गए। हालांकि, क्रू मेंबर्स ने तुरंत स्थिति संभाली और सभी यात्रियों को अपनी सीटों पर बैठे रहने के निर्देश दिए।
कोपा एयरलाइंस के मुताबिक, हादसे के बाद विमान को टर्मिनल तक लाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। हादसे में दो यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि बाकी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित रहे। कंपनी ने कहा कि वह हादसे की जांच में संबंधित अधिकारियों का पूरा सहयोग करेगी।
कंपनी ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए वह संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।


