GODHRA CASE : Asthana makes a big claim on Lalu Yadav, Godhra incident in the news again!
नई दिल्ली। गोधरा ट्रेन अग्निकांड की जांच को लेकर सीबीआई के पूर्व विशेष निदेशक राकेश अस्थाना ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि तत्कालीन रेल मंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव उन्हें जस्टिस यूसी बनर्जी समिति के जरिए फंसाना चाहते थे। हालांकि, अस्थाना ने इस दावे के पीछे कथित मकसद को लेकर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की।

एक इंटरव्यू में अस्थाना ने बताया कि उस समय दिल्ली में मीडिया के एक वरिष्ठ पद पर काम कर रहे उनके पुराने हॉस्टल साथी ने फोन कर उन्हें सतर्क किया था। साथी ने आशंका जताई थी कि जस्टिस यूसी बनर्जी समिति के नाम पर उन्हें मामले में फंसाने की कोशिश हो सकती है।
दरअसल, 2004 में तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने गोधरा ट्रेन अग्निकांड की जांच के लिए जस्टिस यूसी बनर्जी समिति बनाई थी। समिति ने अपनी रिपोर्ट में ट्रेन के कोच में आग लगने की वजह दुर्घटना बताई थी और स्टोव से आग लगने की संभावना जताई थी।
वहीं, जस्टिस नानावटी आयोग ने अपनी जांच में आगजनी को सुनियोजित साजिश बताया था। अस्थाना के मुताबिक, आयोग ने फॉरेंसिक जांच, एसआईटी और पुलिस की पड़ताल के साथ करीब 44 हजार हलफनामों और एक हजार से अधिक गवाहों के बयानों का अध्ययन किया था।
दूसरी ओर, यूसी बनर्जी समिति की रिपोर्ट को गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी। अदालत ने समिति के गठन को अवैध ठहराते हुए उसकी रिपोर्ट को अमान्य कर दिया था। अस्थाना के ताजा बयान के बाद करीब दो दशक पुराने इस मामले की जांच और राजनीतिक भूमिका को लेकर बहस फिर तेज हो गई है।


