MAHADEV BETTING APP: Saurabh Chandrakar to appear in Raipur court today
MAHADEV BETTING APP: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
CBI के अधिकारी दिल्ली में पूछताछ के बाद उसे फ्लाइट से रायपुर लेकर आएंगे। आज की सुनवाई में सबसे अहम बात यह होगी कि CBI आगे की पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड मांगती है या नहीं।
अगर CBI रिमांड नहीं मांगती है तो ED अपने वारंट को लागू कराने के लिए कोर्ट में फिर से आवेदन पेश कर सकती है। दरअसल, पिछली सुनवाई में ED ने सौरभ को अपने वारंट पर गिरफ्तार करने की मांग की थी।
हालांकि, कोर्ट ने उस समय ED के आवेदन को प्रीमैच्योर यानी समय से पहले दाखिल बताया था। अब आज (12 नवंबर) की सुनवाई में ED दोबारा आवेदन देने की तैयारी में है।
CBI की जांच में सामने आया कि महादेव ऑनलाइन बुक देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में शामिल था। इसका संचालन भारत के बाहर से किया जा रहा था।
इस प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और दूसरे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा लगाया जाता था। इसके लिए देशभर में फ्रेंचाइजी की तरह पैनल और ब्रांच बनाई गई थीं।
जांच एजेंसी के मुताबिक, सट्टेबाजी से मिलने वाली रकम कई बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। इन खातों के जरिए अलग-अलग लेनदेन कर पैसे को छिपाया जाता था और हवाला के माध्यम से विदेश भेजा जाता था।
CBI की जांच में यह भी सामने आया कि नेटवर्क को बिना रुकावट चलाने के लिए सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत दी जाती थी।
CBI ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, IPC की आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ी धाराओं के साथ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत चार्जशीट दाखिल की है। वहीं ED भारत और विदेश में कई संपत्तियां अटैच कर चुकी है।


