CHHATTISGARH : Diwali of D.Ed candidates also passed amidst agitation
रायपुर। छत्तीसगढ़ के हजारों डीएड अभ्यर्थियों के लिए इस बार की दिवाली भी इंतजार और निराशा के बीच गुजरी। सहायक शिक्षक के 2300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर रायपुर के तूता धरना स्थल पर उनका आंदोलन 325 दिनों से जारी है। नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे अभ्यर्थियों को इस बार भी त्योहार परिवार के साथ मनाने का मौका नहीं मिला।
अभ्यर्थियों ने उठाए नियुक्ति में देरी पर सवाल
आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने नौकरी की उम्मीद में वर्षों तक पढ़ाई और प्रशिक्षण किया, लेकिन नियुक्ति नहीं होने से उनका भविष्य अधर में है। उनका दावा है कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद अब तक नियुक्ति को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
अभ्यर्थियों के मुताबिक, लंबे समय से धरने पर बैठे लोगों को आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। कई माता-पिता भी अपने बच्चों के भविष्य की चिंता लेकर आंदोलन में शामिल हैं।
सरकार से मांगी समय-सीमा
डीएड संघ छत्तीसगढ़ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से न्यायालयीन आदेशों के अनुरूप कार्रवाई कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की है। संघ चाहता है कि सरकार नियुक्ति को लेकर स्पष्ट समय-सीमा घोषित करे।
अब सवाल यह है कि 2300 पदों पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे इन अभ्यर्थियों को कब तक राहत मिलेगी?


