CG POLITICS: The Congress is not concerned with the state festival (Rajyotsav), but rather with the celebration of a single family.
CG POLITICS: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव से कोई लेना-देना नहीं है, उन्हें तो सिर्फ एक परिवार के उत्सव से मतलब है। जब छत्तीसगढ़ की जनता राज्य स्थापना दिवस का उत्सव मना रही है, तब कांग्रेस दिल्ली में एक परिवार को बचाने के लिए रैली निकाल रही है। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस के लिए गांधी परिवार ही सर्वोपरि है, देश और प्रदेश नहीं।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आज देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। पूरी दुनिया जब युद्ध की विभीषिका से गुजर रही है, तब भारत तेजी से विकसित देश की ओर अग्रसर हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की 5 बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है, जो पहले 10 बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में भी नहीं था। प्रधानमंत्री जी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में लाकर खड़ा करने का जो संकल्प लिया है, वही संकल्प कांग्रेस को चुभ रहा है। आज पूरी दुनिया में भारत की आवाज गूंज रही है।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की आदत बन गई है कि वह हमेशा संवैधानिक संस्थाओं पर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाती रहती है। चाहे चुनाव आयोग हो, ईडी हो, सीबीआई हो या न्यायपालिका, जब भी कांग्रेस के खिलाफ फैसले आते हैं तो वह सभी संस्थाओं को कठघरे में खड़ा कर देती है। लोकतंत्र पर खतरा कांग्रेस की हार से नहीं, बल्कि कांग्रेस की सोच से है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र पूरे देश ने देख लिया है। जिन राज्यों में कांग्रेस चुनाव जीत जाती है, वहां चुनाव आयोग अच्छा काम करता है और ईवीएम ठीक रहती है, लेकिन जहां हार जाती है, वहां चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है और कहती है कि कोई भी बटन दबाओ वोट भाजपा को ही जाता है। यह हार की हताशा के अलावा कुछ नहीं है। जनता ने इन्हें नकार दिया है, इसलिए ये अब ईवीएम और चुनाव आयोग को कोस रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र और निष्पक्ष संवैधानिक संस्था है, जो पूरे देश में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ चुनाव संपन्न कराती है। चुनाव आयोग पर आरोप लगाना सीधे-सीधे लोकतंत्र और बाबा साहेब द्वारा बनाए गए संविधान का अपमान है। कांग्रेस को समझ लेना चाहिए कि झूठे आरोपों से न तो जनता भ्रमित होने वाली है और न ही लोकतंत्र कमजोर होने वाला है।


